कार्यविधि-स्थायी व निरन्तर नियोजन की एक महत्त्वपूर्ण कड़ी कार्यविधि भी है। कार्यविधि वह प्रणाली या तरीका है, जिसके अनुसार कार्यवाही की जाती है। कार्यविधि की व्याख्या नीति व्याख्या से अधिक निश्चयात्मक होती है; क्योंकि इसमें उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए किये जाने वाले प्रयत्नों का निश्चित समय क्रम दिया रहता है। इस प्रकार क्रम-निर्धारण कार्यविधि का अनिवार्य अंग है। कार्यविधि नीति से भिन्न होती है क्योंकि कार्यविधि वास्तविक कार्यवाही का मार्गदर्शन करती है, जबकि नीति निर्णय प्रक्रिया में मदद देती है। यथार्थ में कार्यविधि यह निश्चय करती है कि कोई काम किस क्रम में, कब-कब तथा किसके द्वारा किया जाएगा।