Question
विद्यालय में प्रथम 

Answer

दिवस प्रस्तावना-आज से आठ वर्ष पहले मेरे पिताजी मुझे उँगली पकड़कर विद्यालय में ले गये थे, उस क्षण की धुमिल स्मृति अभी भी मेरे मन में आनन्द का संचार करती है। वस्तुतः विद्यालय में जाने का प्रथम दिवस मेरे जीवन का महत्त्वपूर्ण अवसर था। विद्यालय का प्रथम दिवस-जब मैं लगभग चार वर्ष का था, तो वसन्त पंचमी के दिन मुझे नहला-धुलाकर नये कपड़े पहनाये गये।

पिताजी ने मेरा पाटी-बस्ता तैयार किया। फिर दादीजी व माताजी ने मुझे प्यार से पुचकार कर पिताजी के साथ विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिये भेज दिया। प्रधानाध्यापक के निर्देश पर पिताजी मुझे प्रारम्भिक कक्षा में ले गये और मुझे अध्यापक के सुपुर्द कर वापस आ गये।

कक्षा का पहला दिन-कक्षा में टाट-पट्टियाँ बिछी थीं। अध्यापकजी ने मुझे प्यार से एक स्थान पर बैठने के लिये कहा । वहाँ कक्षा में मेरी उम्र के पन्द्रह-बीस बच्चे बैठे हुए थे। गुरुजी ने प्यार से मेरा नाम पूछा। इसके बाद हम सभी अबोध शिष्यों को एक कहानी सुनाई तथा प्रारम्भिक दो अक्षरों 'अ, आ' का ज्ञान कराया।

पहले ही दिन अक्षरज्ञान तो अच्छी तरह नहीं हुआ, परन्तु सुनाई गई कहानी अच्छी लगी। दूसरी घण्टी में दूसरे अध्यापकजी आये। उन्होंने हमें पहले तो सफाई से रहने का उपदेश दिया, फिर गणित के दो अंक लिखने सिखाये। अन्त में छुट्टी हुई। पिताजी मुझे लेने आ गये थे। मैं उनके साथ प्रसन्नतापूर्वक घर आ गया।

उपसंहार-इस तरह विद्यालय का पहला दिन मेरे लिये संकोच और उल्लास का रहा। आज भी विद्यालय के प्रथम दिवस की याद आने पर मैं मन ही मन प्रसन्न हो जाता हूँ।

Need a full question paper?

Generate a complete, print-ready paper with questions like this in minutes — across 16+ boards, with answer keys.

Start Generating Free